मारहरा। कस्बे में सात घंटे बिजली गुल रहने से बृहस्पतिवार को जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आपूर्ति ठप रहने से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़े कारोबार पर असर पड़ा। वहीं घरों में पानी की किल्लत से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली न होने से रोजमर्रा के कई काम भी प्रभावित हुए।
विद्युत विभाग के अनुसार, 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मारहरा से संबंधित 33 केवी और 11 केवी लाइनों की शिफ्टिंग और अनुरक्षण कार्य के चलते बिजली कटौती की जा रही है। विभाग ने पहले ही सूचना जारी कर दी थी कि बृहस्पतिवार से शनिवार तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसके चलते सुबह सप्लाई बाधित कर दी गई। शाम पांच बजे तक कार्य प्रभावित रहा। कई घरों में पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। कुछ जगह इनवर्टर जवाब दे गए। एसडीओ विजय गुप्ता ने बताया कि उपभोक्ताओं से अनुरक्षण कार्य के चलते कटौती की गई है। लोगों से सहयोग की अपील है। संवाद