धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते भानुप्रताप सिंह ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर महापंचायत की। आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में सचिव करोड़ों रुपये के घोटाले कर रहे हैं। अभी हमने यह मामला जिला प्रशासन के सामने रखा है। कार्रवाई न होने पर इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में पहुंचाएंगे।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानुप्रताप सिंह ने कहा कि अवागढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत में एक-एक सचिव द्वारा दो-दो करोड़ रुपये के घोटाले किए जा चुके हैं। विकासखंड निधौलीकलां, सकीट, जलेसर समेत अन्य ब्लॉक में भी सचिवों द्वारा घोटाले किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बाबा योगी नहीं चाहते कि प्रदेश में भ्रष्टाचार हो। उसके बाद भी योगी विरोधी अराजक तत्व तहसील, ब्लॉक स्तर पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं।
ऐसे भ्रष्टाचारियों के बारे में जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल और एसएसपी उदय शंकर को जानकारी देने के लिए ये महापंचायत बुलाई है। महापंचायत के बाद भाकियू के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल व एसएसपी उदय शंकर सिंह के साथ बैठक कर समस्याएं बताईं और ज्ञापन सौंपा। डीएम ने आठ दिन में उनकी समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सोलंकी, मीडिया प्रभारी लखन यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष युवा सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष पंकज ठाकुर, फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष निकुंज आदि मौजूद रहे।