एटा। विद्युत निगम की ओर से बिजली बिल राहत योजना चलाई जा रही है। 1 दिसंबर से शुरू किए गए पहले चरण में 23 हजार से अधिक बकायेदारों ने लाभ लिया। दूसरा चरण रविवार से शुरू कर दिया गया है। यह 31 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा।
बिजली बिल राहत योजना के तहत घरेलू और दुकानदार बकायेदार उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए उनका बिजली का बिल ब्याज माफ कर लाभ दिया जा रहा है। दूसरे चरण के तहत बकायेदारों को पहली बार 100 फीसदी ब्याज माफी के साथ मूलधन पर 20 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है। इस योजना के तहत छोटी आसान किस्तों में बिल जमा करने की भी सुविधा प्रदान की गई है। इसके साथ ही बढ़े हुए बिलों को सिस्टम द्वारा अपने औसत खपत के हिसाब से कम करने की सुविधा और सभी प्रकार के बिजली चोरी मामलों में भी छूट देने का प्रावधान किया गया है।
इसके लिए उपभोक्ता को अपना पंजीकरण कराना होगा। विद्युत निगम कार्यालय के साथ किसी भी जनसेवा केंद्र से वह पंजीकरण करा सकते हैं। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। इसके तहत बड़े बकायेदार लाभ उठा सकते हैं। संवाद