एटा/अलीगंज। सोमवार को अलीगंज एसडीएम एसपी वर्मा व सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजीत गांव बिल्सड़ पहुंचे। ग्रामीणों से बात कर स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने को कहा। वहीं सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने जलेसर क्षेत्र के गांव पुन्हैरा पहुंच बुखार पीड़ितों का उपचार किया। अलीगंज एसडीएम ने बताया कि बिल्सड़ में हालात सामान्य हैं। बीमारियों से ग्रसित लोगों से कहा है कि वह सरकारी अस्पतालों में इलाज कराएं। साथ ही गांव में कैंप करने आ रही स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि सोमवार को गांव में स्वास्थ्य टीम द्वारा लोगों की जांच कर दवा दी गई। प्रधानों से गांव में मच्छर रोधी दवा का छिड़काव करने की बात कही है। बाद में ग्राम प्रधानों के साथ बैठक भी की। कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दिए जाने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा पहले से स्थिति में काफी सुधार भी है। डेंगू की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। वहीं, पुन्हैरा पहुंचे सीएमओ ने ग्रामीणों से बात की और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने को कहा। ग्रामीणों ने बुखार पीड़ितों के बारे में सीएमओ को जानकारी दी। सीएमओ ने मरीजों को घर-घर जाकर देखा। स्वास्थ्य कर्मियों को बुखार पीड़ितों की जांच कर दवा देने के निर्देश दिए।