अलीगंज में जेएएस विद्या निकेतन स्कूल बस हादसे में 12 बच्चों की मौत कालिख अभी मिट नहीं पाई कि सोमवार को मारहरा के पास एक स्कूल वैन पलटने से 11 बच्चों में से आधा दर्जन घायल हो गए। घायलों के परिवारीजन बदहवास होकर घटनास्थल की ओर दौडे़, लेकिन राहगीर पहले ही घायल बच्चों को वैन से निकालकर सीएसची केंद्र पहुंचा चुके थे। बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। सूचना पर एएसडीएम संजीव कुमार और एबीएसए ने मौके पहुंचे तो स्कूल बिना मान्यता के चलते मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। एएसडीएम ने स्कूल संचालक के खिलाफ मारहरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा मारहरा के रेलवे रोड पर स्थित ब्राइट पब्लिक स्कूल की वैन सोमवार सुबह गांव समसपुर और गोकनी से बच्चों को लेने गई थी। सुबह बच्चों को स्कूल ले जाते वक्त तेज रफ्तार वैन गांव समसपुर के पास अनियंत्रित होकर होकर पलट गई। वैन पलटते ही बच्चों में मची चीख पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने बच्चों को कुशलता पूर्वक वैन से निकाल कर प्राईवेट अस्पताल और सीएचसी केन्द्र में भर्ती कराया। अपर उपजिलाधिकारी संजीव कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी महेश पटेल ने मौके पर पहुंचकर स्कूल की जांच की। जांच के स्कूल बिना मान्यता के चलते मिला तो एएसडीएम ने एबीएसए को जमकर फटकार लगाई और स्कूल सीज करा दिया। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधक नरेंद्र सिंह राजपूत फरार हो गया। एबीएसए महेश पटेल ने स्कूल प्रबंधक नरेंद्र सिंह यादव के खिलाफ मारहरा थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बच्चों और अभिभावकों ने बताया कि प्रतिदिन गाड़ी चलाने वाला चालक सोमवार को नहीं आया था, क्योंकि वह कहीं बाहर रिश्तेदारी में गया हुआ था। सोमवार को स्कूल वैन नया चालक लेकर आया था। आरोप है कि चालक वैन ढंग से नहीं चला रहा था।
एएसडीएम संजीव कुमार ने एबीएसए महेश पटेल से पूछा कि विकास खंड में संचालित अमान्य स्कूलों के विरुद्ध अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? तत्काल एफआइआर कराने के लिए एबीएसए को निर्देश दिए गए। यही नहीं एएसडीएम ने सबके सामने एबीएसए महेश पटेल को जमकर फटकार लगाई।
ये बच्चे वैन दुर्घटना में हुए घायल
गोकनी निवासी विशाल (6), सलोनी (5), अभिषेक (7), मीतू (5), अजय (4), निशा (6), आकाश (5), चंचल (6) समेत 13 बच्चे हादसे के वक्त स्कूल वैन में सवार थे। हादसे में गंभीर घायल सलोनी के कंधे में फ्रेक्चर हुआ है। जबकि बाकी के बच्चे आंशिक रुप से घायल हुए हैं।