राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद मौजूद सतीश। संवाद
योगा ऑर्बिट फाउंडेशन के खिलाड़ियों का प्रतियोगिता में रहा दबदबा
जलेसर। एटा के बीपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में आयोजित 7वीं राज्य योगासन प्रतियोगिता में योगा ऑर्बिट फाउंडेशन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इसमें प्रदेश भर के 150 से अधिक योग खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सतीश बघेल ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के आर्टिस्टिक सिंगल जूनियर कैटेगरी में योगा ऑर्बिट फाउंडेशन के सतीश बघेल ने कठिन आसनों का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा सतीश ने ट्रेडिशनल योगासन में सातवां स्थान प्राप्त किया है। बालिका वर्ग में गुलशन और कुलसुम की जोड़ी ने आर्टिस्टिक जूनियर पेयर में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। निधि और काकुल की जोड़ी ने जूनियर रिदमिक पेयर में चौथा व आर्टिस्टिक पेयर में पांचवां स्थान प्राप्त किया। गुलशन ने आर्टिस्टिक सिंगल में छठवां स्थान प्राप्त किया है। विजेता खिलाड़ियों ने सफलता का श्रेय कोच अनिल कुशवाह को दिया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विधायक संजीव दिवाकर, पालिकाध्यक्ष गौरी वर्मा, गुंजन कुशवाह, देवेशपाल सिंह, दिलीप यादव, संजीव अग्रवाल सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।