एटा। त्योहार के आगे शनिवार को तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस फीका रहा। डीएम की मौजूदगी में सदर तहसील में हुए कार्यक्रम में भी 15 फरियादी पहुंचे। तीनों तहसीलों में 47 शिकायतें दर्ज कराई गईं।
सदर तहसील में डीएम प्रेम रंजन सिंह ने एसएसपी श्याम नारायण सिंह के साथ जन समस्याओं को सुना। अधिकारियों को आगाह किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से भी वार्ता कर उसे संतुष्ट करने का प्रयास करें। प्राप्त 15 शिकायतों में से एक का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील अलीगंज में उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संजय कुमार की मौजूदगी में समाधान दिवस हुआ। इसमें 24 शिकायतें प्रस्तुत की गईं जिसमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील जलेसर में एसडीएम भावना विमल, तहसीलदार शाश्वत अग्रवाल ने जन समस्याओं को सुना। प्राप्त आठ शिकायतों में से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। सीडीओ डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद शाक्य, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एसडीएम सदर विपिन कुमार, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय आदि अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ किसान दिवस का आयोजन
एटा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने सिंचाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, खाद-बीज की उपलब्धता, फसल खरीद केंद्रों की व्यवस्था, निराश्रित पशुओं से समस्या आदि पर अपनी बात रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश दिए। इस दौरान पांच किसानों को सरसों की मिनीकिट वितरित की गईं। डीएम ने पराली प्रबंधन के लिए जागरूकता वाहन को कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक सुमित कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह, एआर कॉपरेटिव सतीश कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद