एटा में डीएम को ज्ञापन देते व्यापारी नेता, साथ में विधायक सदर व विधायक जलेसर।
- फोटो : एटा में डीएम को ज्ञापन देते व्यापारी नेता, साथ में विधायक सदर व विधायक जलेसर।
जलेसर। नगर के घुंघरू-घंटा व्यापारियों, कारीगरों की हड़ताल मंगलवार को तीसरे दिन जारी रही। जीएसटी विभाग द्वारा छापेमारी कर परेशान किए जाने का आरोप व्यापारी लगा रहे हैं। मंगलवार को आगरा में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल और एटा में जिलाधिकारी से मुलाकात कर इस कार्रवाई के विरोध में ज्ञापन सौंपे।
घुंघरू-घंटी व्यापारियों ने आगरा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल से आगरा के बल्केश्वर स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मुलाकात कर समस्या बताई। जीएसटी अधिकारियों द्वारा की जा रही मनमानी के विरोध में ज्ञापन सौंपा। केंद्रीय मंत्री ने मामले में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर आयुक्त सुरक्षा सिंह कटिहार से बात की तथा व्यापारियों की समस्या का शीघ्र समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया। प्रांत सचिव वैश्य एकता परिषद हरीश वार्ष्णेय, आदित्य मित्तल, आशीष गुप्ता, अर्चित अग्रवाल, अर्पित बंसल, शुभम बंसल, आशीष मित्तल, अब्दुल कलाम अंसारी, रसीद अंसारी आदि व्यापारी मौजूद थे।
इसके बाद व्यापारी और कारीगर उद्योग व्यापार मंडल (कंछल गुट) के जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता के नेतृत्व में एटा के जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के कैंप कार्यालय पहुंचे। मुख्यमंत्री के नाम उन्हें ज्ञापन सौंपा। जीएसटी विभाग की कार्रवाई को उत्पीड़न बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ में विधायक सदर विपिन वर्मा डेविड, विधायक जलेसर संजीव दिवाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, पालिकाध्यक्ष पति संजीव वर्मा सहित व्यापारी नेता मौजूद रहे
कारोबारी आदित्य मित्तल ने कहा जीएसटी विभाग कई महीनों से घरों में घुस-घुसकर छापेमारी कर रहा है जिससे हजारों परिवार प्रभावित हो रहे हैं। जब घुंघरू-घंटे बिक्री के लिए बाहर जाते हैं तो गाड़ियां रोककर उनके दस्तावेज और माल की जांच की जा सकती है। जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि यदि यह उत्पीड़न नहीं रुका तो उनका संगठन प्रदेश स्तर पर जीएसटी विभाग के विरुद्ध आंदोलन करेगा। जलेसर का व्यापारी हमेशा सरकार के साथ खड़ा रहा है और कोई भी जीएसटी चोरी नहीं कर रहा है।