गांधी मार्केट बाजार में सीवर लाइन की खोदाई के बाद खुला छोड़ दिया गड्ढा
- फोटो : ETAH
एटा। शहर के गांधी मार्केट में पिछले एक पखवाड़ा पूर्व डाली गई सीवर लाइन से पेयजल पाइपलाइन टूट गई। इसे अभी तक जोड़ा नहीं जा सका है। ऐसे में गड्ढों में भरा पानी और मिट्टी व्यापारियों को हलकान किए है। सीवर लाइन निर्माण ने व्यापारियों का सुकून छीन लिया है। गांधी मार्केट स्थित सीओ ऑफिस के पास पानी की सप्लाई का पाइप टूटने के कारण गड्ढ़ा खुदा पड़ा है। ऐसे में व्यापारियों समेत ग्राहकों को भी आने जाने में मुश्किल हो रही है। एक ओर जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ 25 दिसबंर से शुरू होने वाला एटा महोत्सव शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को ध्वस्त करेगा।
सीवर लाइन और एटा महोत्सव बनाएगा नरक
एटा महोत्सव 25 दिसबंर से शुरू होने वाला है। जिससे गांव से आने वाले लोगों की भीड़ दिन-भर सड़क और नुमाइश में रहेगी जिससे काफी ट्रैफिक लगने की आशंका है ऊपर से जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे लोगों को निकलने में काफी दिक्कत होगी। जाम की स्थिति बहुत खराब होने वाली है। जिससे शहर में सिर्फ नरक होने की पूरी संभावना है।
घंटाघर की तरफ से डाली जाएगी सीवर लाइन
जल निगम के अधिशासी अधिकारी एएस भाटी ने बताया कि सीवर लाइन डालने का कार्य घंटाघर की तरफ से शुरू किया जाएगा व उसी लाइन में आगे की तरफ सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू किया जाएगा।