मोहल्ला किदवई नगर में बदमाशों ने एक घर में घुसकर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। घर से लाखों की नकदी और जेवरात लूट ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने इमरान व जाहिद को पीटकर घायल कर दिया। गृहस्वामी परिवार के साथ आगरा गए हुए थे। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ घटना की तहरीर दी है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला किदवई नगर निवासी अयूब खां की घंटाघर पर फलों की दुकान है। दुकान पर जाहिद, इमरान, अयूब निवासी पटियाली गेट काम करते हैं। बताते हैं कि ससुर की मौत हो जाने पर अयूब परिवार के साथ सोमवार को आगरा गए थे। घर पर दुकान के कर्मचारियों को छोड़ गए थे। बताते हैं कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे छह-सात बदमाश घर में घुस आए। तमंचे के बल पर तीनों कर्मचारियों को बंधक बना लिया और घर में लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने जाहिद, इमरान की पिटाई कर दी। लूट करने के बाद बदमाश आसानी से भाग गए। करीब एक घंटे बाद किसी तरह मुक्त होने पर कर्मचारियों ने हल्ला मचाया। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस और गृहस्वामी को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई।
बुधवार सुबह आगरा से लौटे अयूब खां ने बताया कि घर से बदमाश करीब पांच लाख रुपये नकद, चार जोड़ी झुमकी, झालर, चूड़ी सहित लाखों के जेवरात लूट ले गए हैं। मामले की तहरीर अयूब ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दी है। कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि मामले की तहरीर मिल गई। बदमाशाें की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।
अगले महीने थी दो बेटियाें की शादी
अयूब खां ने बताया कि फरवरी में उनकी दो बेटियों की शादी होने वाली थी। शादी के लिए उन्होंने घर पर लाखों की नकदी व अन्य सामान के साथ जेवरात रखा था, जिसे बदमाश ले गए।