एटा। होली का त्योहार से पूर्व महानगरों में काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों व नौकरीपेशा लोगों की घर वापसी शुरू हो गई है। शहर के रोडवेज बस अड्डों पर पिछले दो दिनों से यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करते हुए बसों की संख्या बढ़ाने के साथ अतिरिक्त फेरों का संचालन शुरू करने की तैयारी कर ली है।
एआरएम नरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि होली के समय हजारों की संख्या में यात्री आसपास के कस्बों व गांवों तक पहुंचते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्री संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में किसी यात्री को असुविधा न हो इसके लिए विभाग ने 55 रोडवेज बसों को त्योहार विशेष संचालन के लिए तैयार कर दिया है। प्रत्येक बस की तकनीकी जांच, मेंटेनेंस व सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा की गई है।
भीड़ अधिक होने पर एटा से अलीगढ़, आगरा, दिल्ली, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर मार्गों पर दो-दो अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। इससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर अचानक भीड़ बढ़ती है वहां मांग के आधार पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बस अड्डों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है जहां से सभी मार्गों की बसों की निगरानी की जाएगी। टिकट काउंटरों पर भी अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जाएगी।