एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव सिंधावली में जमीन के एक विवाद में गई राजस्व टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। सरकारी अभिलेख छीनने की कोशिश की गई। राजस्व निरीक्षक ने 19 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
राजस्व निरीक्षक चेतराम वर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि गांव खरगपुर निवासी अरुण कुमार ने प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री को संपत्ति संबंधी एक शिकायत भेजी थी। इसके अनुपालन में एसडीएम ने 24 मई को थाना समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की टीम गठित की।
इसमें नायब तहसीलदार मारहरा, राजस्व निरीक्षक मिरहची, क्षेत्रीय लेखपाल और पुलिस टीम भी शामिल थी। गांव सिंधावली में जाकर देखा कि विपक्षीगण सोमेंद्र, भाई शिवा, इनके पिता राकेश, तिरमल और 15 अज्ञात लोग अरुण कुमार द्वारा खरीदी गई जमीन पर निर्माण कराने में बाधा डाल रहे हैं।
आरोप है कि जब इन लोगों से अभिलेख दिखाने के लिए हो तो वो गालीगलौज करते हुए झगड़ा व मारपीट करने पर उतारू हो गए। जान से मारने की धमकी दी और सरकारी अभिलेख छीनने का प्रयास किया।
राजस्व निरीक्षक ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, गालीगलौज करने, जान से मारने की धमकी देने व सरकारी अभिलेख छीनने का प्रयास करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि राजस्व निरीक्षक की ओर से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच कराई जा रही है।