एटा। थाना कोतवाली नगर में गणेश वार्ष्णेय निवासी हनुमानगढ़ी ने उर्मिला रानी निवासी नगार गांव सोनीपत रोड थाना गोहाना सोनीपत, हरियाणा सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है इन लोगों ने धोखाधड़ी कर होली पर स्प्रे देने के संबंध में एडवांस रुपये ले लिए। इस दौरान माल भी नहीं भेजा। रुपये वापस मांगे तो रुपये भी नहीं दे रहे हैं।
रेलवे रोड के हनुमानगढ़ी निवासी गणेश ने बताया कि 23 दिसंबर 2023 को होली के रंग का स्प्रे खरीदने के लिए उर्मिला गोयल टीन वर्क एंड पैकिंग से संपर्क करके माल की बुकिंग की थी। बताया कंपनी मालिक के कहने पर दुकान पर आए कर्मी को 27500 रुपये नकद दिए और माल मंगाने के लिए एक लाख रुपये एडवांस खाते में नेफ्ट से ट्रांसफर किए। बताया न कंपनी से माल आया और न ही एडवांस रुपये वापस मिल रहे हैं। कई बार फोन कर मांगा तो उन लोगों ने आज-कल की कहकर पल्ला झाड़ लिया। थाना प्रभारी राजेश चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।