एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के एक आंगनबाड़ी केंद्र पर मुख्य सेविका ने पुष्टाहार का गबन कर लिया। मामले की शिकायत पर विभागीय जांच कराई गई। इसमें सत्यता पाए जाने पर मुख्य सेविका के खिलाफ गबन करने की रिपोर्ट लिखाई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह ने मुख्य सेविका (प्रभारी सीडीपीओ) बाल विकास परियोजना अलीगंज सुखरानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि जिलाधिकारी के 7 फरवरी 2024 के आदेश पर बाल विकास परियोजना कार्यालय व परियोजना सहगोदाम ग्रामीण बैंक के पास कायमगंज रोड अलीगंज की जांच की गई। जिसमें सुखरानी पोषाहार वितरण करते समय पल्लेदारी के नाम पर 100 से 250 रुपये तक की अवैध वसूली करती पाई गईं। ग्राम पंचायत देवतरा में भी 2 आंगनबाड़ी केंद्र है जो संचालित नहीं किए जा रहे हैं। इन केंद्रों का पोषाहार लगातार प्राप्त किया गया है। आंगनबाड़ी केंद्र वार्ड 19 सहित अन्य स्वयं सहायता समूहों को पोषाहार का वितरण नहीं किया गया है। जांच में गबन सामने आया है। अवैध तरीके से धन अर्जित कर बाल विकास सेवा और पुष्टाहार विभाग की योजनाओं को क्षति पहुंचाई गई है।
डीपीओ का आरोप है कि सरकारी अनुपूरक पोषाहार का गबन किया गया है। यह कृत्य पिछले कई महीनों से सुखरानी की ओर से किया जा रहा था। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी गई और अनुमोदन प्राप्त कर कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी अरुण पवार ने बताया कि डीपीओ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।