एटा। निधौली कलां रोड पर रविवार की देर रात कुछ युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसके चलते क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग इधर से उधर जान बचाकर भागने लगे।
घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को फोन के माध्यम से दी गई। मगर सूचना मिलने के बाद भी काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
घटना रविवार की देर शाम की है। शहर के निधौली कलां रोड पर एक टाइल्स की दुकान के पास आकर कुछ लोगों ने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग होने से लोगों के बीच दहशत फैल गई और लोगों ने अपने घरों में घुसकर दरवाजे बंद कर लिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ लड़के आए थे, जो अचानक फायरिंग करने लगे।
घटना की सूचना मिलने के बाद भी पीआरवी मौके पर नहीं पहुंची। जिसके बाद लोगों ने कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।