एटा। एटा से कासगंज और दिल्ली जाने वाले रूट पर वन चेतना केंद्र के सामने रेलवे ट्रैक पर ओवरब्रिज (आरओबी) बना हुआ है। इससे एटा की ओर आने वाली सड़क के नीचे की मिट्टी बारिश के चलते कट गई है। इससे सड़क काफी अंदर तक पोली हो गई है। रात के समय हादसे की संभावना बढ़ गई है।
करीब साठ से सत्तर के दशक में बने आरओबी के एक ओर शृंगार नगर तो दूसरी ओर रेलवे कॉलोनी बसी है। शृंगार नगर कॉलोनी में अधिकतर मकान, दुकान और प्लॉटों का मुख आरओबी की सड़क की ओर है, जबकि रेलवे कॉलोनी की ओर काफी दूर तक खुला मैदान है। कासगंज और दिल्ली से एटा आने के लिए यही एकमात्र रास्ता है।
इसी रास्ते पर बने आरओबी की शृंगार नगर की ओर से सड़कों के नीचे की काफी मिट्टी कई जगह से खिसक गई है। एक स्थान पर तो सड़क के नीचे से अंदर करीब तीन फीट तक मिट्टी खिसककर नीचे कॉलोनी में पहुंच गई है। सड़क काफी अंदर तक पोली होने से भारी वाहन के वजन से किसी भी वक्त इसके बैठने का खतरा बना है।
लाइट का नहीं है कोई इंतजाम
आरओबी पर दोनों ओर स्ट्रीट लाइटों की भी कोई व्यवस्था नहीं है। इससे रात के समय में सड़क के दाएं-बाएं कुछ भी नजर नहीं आता है। वहीं, सड़क के दोनों ओर बड़ी और कंटीली झाड़ियां उग आई हैं। इन्हें कटवाए न जाने के कारण वाहन चालकों को गहरी खाई दिखाई नहीं देती है, वहीं सड़क किनारे कटी मिट्टी भी नहीं दिख रही। इससे दुर्घटना की संभावना बढ़ रही है।
बारिश के दिनों में हर साल आरओबी के समीप की मिट्टी पानी में बह जाती है। इसे बारिश के बाद ठीक करा दिया जाता है। सड़क के नीचे की मिट्टी कटी है तो कर्मचारियों को तत्काल सूचना देकर इसे ठीक कराया जाएगा, जिससे कोई हादसा न हो सके। -पीपी सिंह, डीजीएम, एनएचएआई