सकीट। कस्बा में एक ही मोहल्ले में 12 संक्रमित मिल चुके हैं। इसको लेकर चिकित्सक भी चिंतित हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने साफ कर दिया है कि संक्रमण अब पीक की ओर बढ़ रहा है। इसलिए इस समय बेहद सतर्क होना ही आपका एकमात्र बचाव है। डॉक्टरों का मानना है कि यदि अगले दो से तीन माह तक सतर्क रहें तो यह संक्रमण उतार पर आ जाएगा।
डॉ. गौरव यादव ने बताया कि यह बेहद नाजुक समय है। जरा सी असावधानी किसी को भी संक्रमित कर देगी। सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क अनिवार्य है, लेकिन जरूरी हो तभी घर से निकलें। वहीं, डॉ. चंद्र वीर राजपूत ने बताया कि कोरोना डायबिटीज रोगियों के लिए काल बन रहा है। ऐसे लोग शुगर लेवल नियंत्रित करें। उधर, डॉ. कमलेश यादव ने बताया कि कोरोना पीक पर पहुंच गया है।
इसलिए इस समय मारक हो गया है। दो महीने बचा ले जाएं तो हर्ड एम्युनिटी विकसित हो जाएगी। डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि बुखार आ रहा है तो तीन दिन के बाद चेकअप जरूर करा लें। बुखार आते ही सांस उखड़ रही है तो तुरंत कोरोना टेस्ट कराएं। लापरवाही हानिकारक हो सकती है।