एटा। अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर नगर पालिका में पाले खिंच गए हैं। पालिकाध्यक्ष व ईओ आमने-सामने आ गए हैं। एक ओर ईओ अतिक्रमण हटाने में लगे हैं, तो दूसरी ओर पालिकाध्यक्ष का कहना है कि बिना आदेश कार्रवाई कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। कर्मचारियों को पत्र जारी कर बिना आदेश कार्रवाई न करने की हिदायत दी है। इस पर ईओ ने पालिकाध्यक्ष को पुनर्विचार कर पत्राचार करने के लिए पत्र लिखा है।
नगर पालिकाध्यक्ष मीरा गांधी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर पालिकाकर्मियों को चेतावनी जारी की है। अतिक्रमण प्रभारी मुन्नालाल राम, सहायक अतिक्रमण प्रभारी यशवीर सिंह, बालपूर व सभी ट्रैक्टर चालक और जेसीबी चालक को पत्र जारी किया है। कहा कि आप सभी हमारी बिना लिखित अनुमति के अतिक्रमण हटाओ अभियान में शामिल नहीं होंगे, अन्यथा आपके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ईओ द्वारा बिना नोटिस दिए असंवैधानिक तरीके से अतिक्रमण अभियान चलाकर शहर के गरीब लोगों को परेशान किया जा रहा है। जिससे सीएम और प्रशासन के अधिकारियों की छवि खराब हो रही है।
उधर, जवाब में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने पालिकाध्यक्ष को पत्र लिखा है। बताया कि शासन के आदेश और जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। विधिवत तरीके से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के बाद कार्रवाई की जा रही है। आपका पत्र अतिक्रमण की कार्रवाई को अवरुद्ध करने वाला है। जिस पर शासन स्तर से पालिका के विरुद्ध अप्रिय कार्रवाई संभावित है। उन्होंने लिखा है कि पालिकाध्यक्ष अपने आदेश पर पु नर्विचार कर अतिक्रमण अभियान के संबंध में सक्षम स्तर से पत्राचार करें।