एटा। मेडिकल कॉलेज में रात के समय इमरजेंसी में मरीज को न देखने की शिकायत प्राचार्य को मिलीं। जिस पर वह बृहस्पतिवार को इमरजेंसी में पहुंचीं। रात को ड्यूटी पर रहने वाले चिकित्सक से स्पष्टीकरण देने को कहा। चिकित्सक ने बताया उसने मरीज को देखा था।
मंगलवार की रात को शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती को पेटदर्द की समस्या पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आए थे। परिजन का आरोप था चिकित्सक ने नहीं देखा फार्मासिस्ट ने उपचार किया। इसको लेकर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल बृहस्पतिवार को इमरजेंसी में पहुंचीं। उन्होंने वहां व्यवस्थाओं को देखा। ऑक्सीजन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दवाओं आदि को देखा।
बाद में शिकायत के बारे में पूछते हुए हिदायत दी कि कक्ष में ही बैठकर चिकित्सक ड्यूटी करें। संबंधित चिकित्सक से स्पष्टीकरण लेने को कहा। इसके बाद वह ओपीडी में पहुंची। बाद में वार्डों में पहुंचकर मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी की। चिकित्सकों, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यहां आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।