जलेसर में लोगों की समस्या सुनते सांसद एसपी सिंह वघेल- संवाद
- फोटो : ETAH
एटा, जलेसर। चीन के बुहान शहर में फंसे जलेसर के युवा दंपती को सकुशल वापस भारत लाने के लिए प्रशासनिक, राजनीतिक के साथ अब सामाजिक पहल भी शुरू हो गई है। सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने जहां प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है वहीं सांसद हरनाथ सिंह और एसपी सिंह बघेल ने भी पीएमओ और विदेश मंत्रालय में वार्ता की है। इधर जलेसर ग्लोबल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने भी केंद्र सरकार के मंत्रियों और सांसदों से मुलाकात की।
सांसद राजवीर सिंह राजू भैया ने बुहान में फंसे जलेसर के युवा दंपती आशीष और नेहा को कोरोना वायरस के चलते चीन में मचे हाहाकार के बाद भारत वापस बुलाए जाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में परिवार के हालातों का हवाला देते हुए विदेश मंत्रालय के माध्यम से जल्द ही दंपती को वापस लाए जाने की बात कही है। राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने भी पीएमओ को पत्र लिखा है।
वहीं जलेसर ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष अतुल जैन ने भूतल परिवहन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह एवं आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह से मुलाकात कर दंपती को सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई। मंत्री को अखबारों की कटिंग भी सौंपी। अध्यक्ष अतुल जैन ने बताया कि केेंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद आगरा ने आश्वासन दिया है कि प्रधानमंत्री की चीन सरकार से निरंतर वार्ता चल रही है। हरी झंडी मिलते ही युवा दंपती सहित अन्य भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा।
-----------------------------------