एटा। मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2 बजे एक गर्भवती महिला को विषाक्त पदार्थ खाने के बाद भर्ती कराया गया। महिला की पति से किसी बात को लेकर फोन पर कहासुनी हो गई थी, इसके बाद महिला ने बस स्टैंड पर के पास ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। बहन ने महिला को भर्ती कराया। जबकि एक 70 साल की वृद्धा को भी विषाक्त पदार्थ खाने पर भर्ती कराया गया है।
जिला मैनपुरी थाना कुरावली क्षेत्र के गांव तिगरा निवासी विशाल की पत्नी उपासना ने बृहस्पतिवार की दोपहर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। बहन वर्षा देवी निवासी गांव नगला बिचौला थाना सिढ़पुरा जिला कासगंज ने बताया कि उपासना ने प्रेम विवाह किया है, 8 माह की गर्भवती भी है। पति से फोन पर बात हो रही थी तभी किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर विषाक्त पदार्थ खाया है। बताया कि वह अपनी ननद लक्ष्मी देवी निवासी नगला डूडा कोतवाली देहात के बच्चे के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए बहन उपासना के साथ आई थी। यहां पर ही बातों ही बातों में कहासुनी हो गई और घर से निकल कर ऑटो में सवार होकर शहर चली आई। पीछे-पीछे दूसरे ऑटो से वह भी आई, बस स्टैंड पर अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ी मिली तब भर्ती कराया गया।
वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला धनी निवासी तारावती (70) को परिजन ने बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8 बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। परिजन ने चिकित्सकों को बताया कि बच्चों से कहासुनी होने पर विषाक्त पदार्थ खा लिया, तबियत बिगड़ने पर लाया गया है।