एटा। प्रस्तावित पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा शनिवार को शहर के पांच केंद्रों पर होगी। इसमें 1873 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कोरोना एडवाइजरी के साथ होने वाली परीक्षा में मास्क की अनिवार्यता के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया जाएगा।
प्राविधिक शिक्षा परिषद द्वारा प्रस्तावित संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीन घंटे की वस्तुनिष्ठ परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दो गज की दूरी का पालन करते हुए केंद्रों पर तीन सौ एवं अधिक क्षमता वाले श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज केंद्र पर 398 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा सहायक चरितेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में ग्रुप एक की परीक्षा पांच केंद्रों एवं शाम की पाली में प्रस्तावित ग्रुप ई (डिप्लोमा इन फार्मेसी) की परीक्षा केवल जीआईसी में संपन्न होगी। जिसमें 275 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
मुख्य द्वार पर सैनिटाइजेशन के साथ थर्मल चेकिंग
राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए मास्क की अनिवार्यता होगी। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर प्रवेशार्थियों को सैनिटाइज करने के साथ उनकी थर्मल जांच भी की जाएगी। जबकि परीक्षा केंद्रों व कक्षों को शुक्रवार को सैनिटाइज करा दिया गया है। सुबह आठ बजे से प्रवेश दिए जाएंगे।
एक जोनल, हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट
नकल विहीन परीक्षाओं के लिए जिलाधिकारी ने एक जोनल मजिस्ट्रेट एवं पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री को जोनल एवं डीआईओएस मिथिलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह, तहसीलदार दुर्गेश यादव, आलोक प्रियदर्शी जिला पंचायत राज अधिकारी, रवेंद्र प्रताप सिंह नायब तहसीलदार व अनुराग यादव महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र को स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किया गया है।
सुबह पांच शाम को एक केंद्र पर परीक्षा
तीन घंटे की परीक्षा में सुबह नौ से बारह एवं शाम की पाली दोपहर ढाई बजे से साढ़े पांच बजे तक संपन्न होगी।
परीक्षा केंद्र आवंटित परीक्षार्थी
श्री गांधी स्मारक इंका 398
जीआईसी 300
जीजीआईसी 300
लक्ष्मीबाई बालिका इंका 300
आर्य विद्यालय 300
शाम की पाली में
जीआईसी केंद्र पर 275