एटा। 25 फीसद अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जनविकास योजना के तहत विकास कार्य होने हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को डिप्टी डायरेक्टर जिले में पहुंची। उन्होंने सदर तहसील में खाली पड़ी भूमि पर चर्चा करने के लिए मारहरा विधायक के साथ बैठक की।
अलीगढ़ से आई अल्पसंख्यक विभाग की डिप्टी डायरेक्टर अमृता सिंह ने सबसे पहले अल्पसंख्यक कार्यालय का निरीक्षण किया। वहीं प्रधानमंत्री जनविकास योजना के तहत चयनित मारहरा व अलीगंज के बारे में जानकारी की। उन्होंने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री से कहा कि प्रधानमंत्री जनविकास योजना के तहत कम्यूनिटी हॉल सहित कम्यूनिटी सेंटर बनाए जाने हैं।
इसके अलावा स्कूल आदि का निर्माण कराया जाना है। वह सदर तहसील में हॉल सहित अन्य होने वाले निर्माण के लिए भूमि को देखने पहुंची। इसके बाद मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी के साथ बैठक कर क्षेत्र में होने वाले कार्यों के बारे में चर्चा की। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में जो विकास कार्य होने हैं, उसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही विकास कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान सदर एसडीएम सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।