एटा। भाजपा संगठन के नूंहखेड़ा व रिजोर मंडल का चुनाव स्थगित होने के बाद रविवार को शेष 20 मंडलों पर चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडल के चुनाव अधिकारियों व चुनाव स्थलों की सूची पहले ही जारी कर दी थी।
भाजपा के 1572 बूथों पर सफल चुनाव के बाद रविवार को मंडल के चुनाव होंगे। सुबह 11 बजे से होने वाली चुनाव प्रक्रिया में बूथ अध्यक्ष व सक्रिय सदस्यों को मतदान का अधिकार है। ऐसे में जिले में 1572 बूथ अध्यक्ष व 985 सक्रिय सदस्य वोटर हैं। रिजोर और नूंहखेड़ा मंडल में चुनाव बाद में कराए जाएंगे।
जिला सह निर्वाचन अधिकारी सचिन उपाध्याय के अनुसार चुनाव के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक मोगा व सह चुनाव अधिकारी अशफाक सैफी मौजूद रहेंगे।
दो बार के सक्रिय सदस्य ही करेंगे नामांकन
पार्टी ने मंडल अध्यक्ष के लिए अधिकतम 50 वर्ष की उम्र निर्धारित की है। वहीं दो बार के सक्रिय सदस्य ही मंडल अध्यक्ष के दावेदार होंगे। इस आदेश के बाद 50 की उम्र पार कर चुके दर्जनों दावेदार पहले ही आउट हो गए हैं। सर्वसम्मति से चुनाव पर जोर रहेगा।
परिणाम 20 के बाद
निर्विरोध निर्वाचन के बाद भी अध्यक्ष की घोषणा नहीं की जाएगी। जनपदीय चुनाव की रिपोर्ट प्रांतीय नेतृत्व को प्रेषित की जाएगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारी इसकी घोषणा करेंगे। सूत्रों के अनुसार 20 अक्तूबर के बाद परिणाम जारी होंगे।