एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला भिखारी में 15 फरवरी को एक छात्र का शव मिर्च के खेत में पड़ा मिला था। परिजन ने हत्या की आशंका जताई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी। मामले में पुलिस कोे अहम सुराग हाथ लगे हैं।
गांव नगला भिखारी निवासी बबलू ने बताया था कि 15 फरवरी की शाम को बेटा केशव घर से खेत पर जाने की कहकर निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा तो खोजबीन करने के लिए खेतों की तरफ पहुंचे। इधर-उधर ढूंढने के बाद रात लगभग 10:30 बजे गांव के ही संतोष कुमार के खेत में केशव अचेतावस्था में पड़ा हुआ था। उसको लेकर हम लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अवागढ़ पर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। केशव पड़ोस के गांव टहला में एक निजी विद्यालय में कक्षा 5 का छात्र था।
बताया था कि खेत में मटर की फसल है, उस दिन भी लगभग 6 बजे केशव घर से खेत की रखवाली के लिए जाने की कहकर गया था। थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मामले में गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।