एटा। अलीगंज कस्बे के मोहल्ला राधाकृष्ण में संचालित पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय के चोरों ने ताले तोड़ दिए। रसोई का सामान चोरी कर ले गए। अलीगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को स्कूल खुलने पर अध्यापक पहुंचे। लंबे समय के बाद स्कूल खुलने पर साफ-सफाई कराकर अध्यापक चले गए। मंगलवार को स्कूल पहुंचने पर रसोई का ताला टूटा मिला। प्रधानाध्यापिका ऊषा देवी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया है कि रसोई से सारा सामान गायब है। इसमें 277 थालियां, 279 गिलास, भोजन पकाने के भगोने आदि सामान चोरी हुआ है।
बता दें कि क्षेत्र चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले चोर विकासखंड क्षेत्र के 19 स्कूलों को निशाना बना चुके हैं। किसी घटना का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है।