एटा। श्रीमद भागवत कथा सोमवार को संपन्न हुई तो मंगलवार को ग्रामीण कलश विसर्जन करने सिरसा टिप्पू नहर पर पहुंचे। यहां से वापस जब गांव नगला कन्ही थाना मिरहची पहुंचे तो डीजे बजाने पर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने डंडों से हमला कर दो किशोरियों को घायल कर दिया।
गांव नगला कन्ही निवासी कल्पना ने बताया कि गांव में सभी के सहयोग से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था। सोमवार को कथा संपन्न हो गई और भंडारा हुआ। इसके बाद मंगलवार को सभी लोग एकत्रित होकर ट्रैक्टर के माध्यम से सिरसा टिप्पू नहर पर कलश विसर्जन करने पहुंचे।
वहां कलश विसर्जन के बाद सब लोग घर लौट रहे थे, गांव में घुसते ही मोड़ पर कुछ लोग ट्रैक्टर में लगे डीजे पर गाना बजाने की जिद करने लगे। ट्रैक्टर में बैठे व साथ चल रहे अन्य लोगों ने कहा कि गांव के अंदर पहुंचने दो तब खूब गाना बजाकर नाच लेना।
इसी बात के कारण कुछ युवा नाराज हो गए और गालियां देते हुए विवाद करने लगे। इनमें से ही कुछ लोगों ने डंडा लेकर ट्राली में बैठे लोगों पर हमला कर दिया। किनारे पर बैठीं कल्पना और एकता घायल हो गईं। यह देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि किशोरियों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।