एटा। थाना पिलुआ पुलिस ने क्षेत्र के गांव दरिगपुर में रविवार की रात करीब नौ बजे छापा मारकर कार्रवाई की। पुलिस ने यहां से अवैध रूप से तैयार की गई छह पेटी शराब, शराब बनाने का केमिकल और उपकरणों को बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया है कि काफी दिनों से शिकायत आ रही थी कि थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव दरिगपुर में अवैध रूप से तीव्र क्षमता वाली शराब तैयार की जा रही है।
इसी के चलते रात करीब नौ बजे रामू पुत्र ओमपाल के खेत पर बने ट्यूबवैल पर छापा मारा तो सत्यवीर उर्फ टीटू यादव निवासी गांव जिटौली थाना निधौली कलां और जितेंद्र निवासी बसुंधरा थाना अवागढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम को देखकर मौके से रामू यादव, आजाद निवासी गांव दरिगपुर, सुनील कुमार व सुबोध उर्फ टीटू निवासीगण जिटौली थाना निधौली कलां, भोला निवासी नगला झुन्नी थाना पिलुआ, सोनू पंडित निवासी सब्जी मंडी फिरोजाबाद, सोनू उर्फ हड्डी बंथल थाना पिलुआ भागने में सफल रहे। मौके से भागे सात लोगों के नाम सत्यवीर और जितेंद्र ने बताए हैं।
पुलिस ने ट्यूबवैल से अवैध रूप से तैयार की गई छह पेटियां शराब, तीन कट्टी एल्कोहल, उप्र आबकारी मार्का के रेपर, दो बाइकों को बरामद किया गया है। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों की ओर से तीव्र क्षमता वाली अवैध शराब तैयार की गई है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है जब कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।