एटा। रमजान माह में हो रही बिजली की कटौती को लेकर शनिवार की रात 11 बजे मुस्लिम समाज के लोग भड़क गए। नमाज अदा करने के बाद उन्होंने जीटी रोड स्थित घंटाघर चौराहे पर जाम लगा दिया और हंगामा काटने लगे। इस बीच जाम में से निकल रहे वाहन चालकों से नोकझोंक तक हुई। जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी और विद्युत विभाग के अधिकारी पहुंच गए। बमुश्किल लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया।
भीषण गर्मी में बिजली का बुरा हाल है। रमजान माह चल रहा है, बिजली न मिलने से नमाजियों को खासी दिक्कत हो रही है। शिकायतों के बाद भी बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा। शाम के समय हो रही कटौती को लेकर शनिवार की रात मुस्लिम समाज के लोग भड़क गए। मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद रात 11 बजे सैकड़ों नमाजी घंटाघर चौराहा स्थित जामा मस्जिद के सामने एकत्रित हो गए और जीटी रोड जाम कर दिया। इससे दिल्ली-कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इस बीच एक-दो वाहन चालकों ने वाहन निकालने की कोशिश की तो उनसे नोकझोंक हो गई और वाहनों को नहीं निकलने दिया। नमाजियों ने जमकर हंगामा काटा। मुस्लिम समाज के लोगों का कहना था कि सायं सात बजे से रात 11 बजे तक बिजली की जरूरत होती है। इस दौरान इशां की नमाज के बाद मस्जिदों में तराबियां होती हैं, लेकिन बिजली न मिलने से रोजेदारों व नमाजियों को खासी परेशानी हो रही है। इसलिए इस अवधि में बिजली आनी चाहिए। यदि बिजली न मिली तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बाबूगंज, गोदाम की सराय, अहाता, नई बस्ती, गली तेलियान आदि इलाकों के लोग मौजूद थे। जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी व पुलिस फोर्स पहुंच गए और जाम लगा रहे लोगों को समझा-बुझाकर व अधिकारियों से वार्ता कर रात 12 बजे जाम खुलवा दिया। जाम खुलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और जीटी रोड पर यातायात सुचारु हुआ। मोहम्मद राशिद, जहीर अहमद, मोहम्मद असमल, राहिद अहमद, मोहम्मद आशिफ, मोहम्मद सारिक, आशिक, आमिर, असलम, मोम्मद आबिद, टिल्लू, रिजवान, बबलू अहमद आदि लोग मौजूद थे।
बिजली कटौती ऊपर से ही हो रही है। स्थानीय स्तर से कोई कटौती नहीं हो रही है। मुस्लिम समाज की जो सांय सात बजे से आपूर्ति की मांग है उससे शासन को अवगत करा दिया गया है।
- राजीव चतुर्वेदी, अधिशासी अभियंता शहरी