एटा। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में भीड़ अधिक थी। ऐसे में दो मरीज कॉलेज के बरामदे में फर्श पर लेट गए। इस दौरान इमरजेंसी प्रभारी वहां जा पहुंचे। उन्होंने फर्श पर मरीजों को लेटा देख स्वास्थ्यकर्मियों और सुरक्षा गार्डों की फटकार लगाई।
गांव नगला सबल निवासी एक महिला को पेट में दिक्कत हुई। वह मेडिकल कॉलेज में परिजन के साथ पहुंची। पर्चा बनवाने के बाद स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में चिकित्सक को दिखाने गई। वहां भीड़ अधिक थी ऐसे में महिला को घबराहट होने लगी। परिजन उसे कॉलेज के बाहर बरामदे में ले आए और नर्सिंग होम ले जाने के लिए वाहन के इंतजार में महिला को वहीं फर्श पर लिटा लिया। एक अन्य मरीज भी दवा लेकर वहीं फर्श पर लेटा हुआ था।
इस दौरान वहां इमरजेंसी प्रभारी डॉ. माधवेंद्र प्रताप पहुंचे। मरीज फर्श पर और स्वास्थ्यकर्मी व सुरक्षा गार्ड कूलर की हवा खाते मिले। गार्ड और स्वास्थ्यकर्मियों को फटकार लगाई। बोले, कूलर मरीजों के लिए लगाया गया है। मरीजों को फर्श पर क्यों लेटने दिया? वार्ड में शिफ्ट क्यों नहीं किया? गार्ड बोले स्वास्थ्यकर्मियों का कार्य है। चिकित्सक ने कहा सभी का कार्य है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसके बाद एक मरीज अंदर जाकर लेट गया। जबकि महिला वहां से नर्सिंग होम चली गई।