एटा। जिला के लोगों के लिए खुशखबरी है कि मुख्य डाकघर से पासपोर्ट सेवा शुरू होने जा रही है। इसका रास्ता साफ हो गया है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की ओर से निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजी गई है। इसके बाद डाकघर से भी एक रिपोर्ट प्रेषित की गई है। अब जिला के लोगों को पासपोर्ट के लिए बरेली के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और काफी सहूलियतें होंगी। पासपोर्ट बनवाने के लिए लोगों को बरेली, दिल्ली और नोएडा तक भाग दौड़ लगानी पड़ती थी, लेकिन अब पासपोर्ट बनवाना आसान होगा। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने पिछले दिनों डाकघर का निरीक्षण किया था। कार्यालय संचालन से जुड़ीं तमाम बारीकियों को परखा गया। इसके बाद मंत्रालय को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसके बाद डाक अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई जो हाल ही में भेजी गई है। विदेश मंत्रालय में पहुंची रिपोर्ट के बाद हरी झंडी मिल गई है। अब कभी भी कार्यालय स्थापित कर दिया जाएगा। हालांकि इससे पहले कुछ कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मुख्य डाक अधीक्षक एनके दुबे ने बताया कि विदेश मंत्रालय से अधिकारी निरीक्षण कर चुके हैं। पहले वह खुद ही रिपोर्ट तैयार करके ले गए थे। बाद में डाकघर से मांगी गई, उसको भेजा जा चुका है। इसके बाद कार्यालय खुलने की पहल करने को आदेश मिला है। दोनों ही कार्यालय केंद्र सरकार के अधीन हैं। ऐसे में कर्मियों को दिशा निर्देश और नियमों का पालन करना है। अगले सप्ताह मंत्रालय के अधिकारी एक बार फिर से निरीक्षण कर प्रक्रियाएं पूर्ण कराएंगे। इसके बाद पासपोर्ट सेवा के लिए प्रक्रियाएं अपनानी शुरू कर दी जाएगी और लोगों को लाभ मिलने लगेगा।