ठंड ने बुधवार को लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। कोहरे और सर्द हवाओं के चलते पारा गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और दिनचर्या प्रभावित रही। सुबह घने कोहरे के कारण हाईवे से वाहन हेडलाइट जलाकर गुजरे। लोगों ने अलाव तापकर ठंड से राहत पाई। दोपहर बाद खिली धूप देख राहत महसूस हुई। मौसम बदलने के साथ बीमारियों में इजाफा होने लगा। जिला अस्पताल में मरीजों की कतार लगती नजर आई।
मौसम का अचानक बदलता मिजाज अब परेशानी बढ़ा रहा है। मंगलवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए और ठंड का खासा असर देखने को मिला। मंगलवार रात से छाया कोहरा बुधवार सुबह तक बरकरार रहा। कोहरे के चलते दृश्यता एक मीटर से कम रह गई। राजमार्ग पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर रेंग कर चलने को मजबूर होना पड़ा। कोहरे और सर्दी के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। लोगों ने अलाव तापकर राहत पाई। लोग घरों से गर्म कपड़े पहन कर बाहर निकले। सर्द हवाओं से बचने को कैप, मफलर का इस्तेमाल किया। दोपहर एक बजे के बाद धूप राहत बन कर आई। इसके बाद शाम चार बजे एक बार फिर शीत लहर चलनी शुरू हुई तो लोग घरों में दुबक गए। बाजार में दुकानें जल्दी बंद हो गईं। उधर, सर्दी बढ़ने से जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या में इजाफा हो गया। बुधवार को जिला अस्पताल मेें 1300 मरीजों ने पंजीकरण कराया। अधिकांश सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। सीएमएस डा. एके चतुर्वेदी ने कहा मौसम बदलने के साथ सर्दी बढ़ रही है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतनी चाहिए। बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।
--------------
इस बार जल्द गिरा तापमान
तापमान- 2015
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
एक दिसंबर 26 14
दो दिसंबर 25 14
तीन दिसंबर 26 15
चार दिसंबर 27 15
पांच दिसंबर 28 12
छह दिसंबर 26 11
सात दिसंबर 26 13
-----------------
तापमान- 2016
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
एक दिसंबर 26 12
दो दिसंबर 25 12
तीन दिसंबर 24 12
चार दिसंबर 23 8
पांच दिसंबर 26 9
छह दिसंबर 23 8
सात दिसंबर 24 11