एटा। मेडिकल कॉलेज के नए भवन में दिसंबर माह में ओपीडी संचालित कर दी गई थी, लेकिन यहां मरीजाें को भर्ती नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा ओटी (ऑपरेशन थिएटर) भी शुरू नहीं हुई है। कारण यहां ऑक्सीजन की सुविधा नहीं है। पुराने भवन के प्रांगण में दो ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं। वहां से पाइप लाइन पड़ने के बाद यहां मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नए भवन में ओपीडी आधी अधूरी व्यवस्थाओं के साथ शुरू कर दी गई है। पर्चा बनवाने से लेकर मरीजों को जांच कराने के लिए पुराने भवन में ही दौड़ लगानी पड़ती है। नए भवन में ओपीडी के लिए चिकित्सक बैठने लगे हैं। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को इलाज के लिए नए भवन से पुराने भवन, वहां से नए भवन के चक्कर लगाने पड़ते हैं। बीते दिनों कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने नए भवन में व्यवस्थाओं को देखा था। चिकित्सकों ने उनसे कहा था कि ओटी सहित वार्ड में मरीजों को भर्ती करने की प्रक्रिया तभी शुरू की जाए। जब यहां ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू हो जाए। इस पर प्राचार्य ने सहमति जताई थी। चिकित्सकों की मानें तो पुराने भवन से नए भवन तक ऑक्सीजन की पाइप लाइन डाली जाएगी। इसके बाद ही मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
-
पुराने भवन प्रांगण में लगे हैं दो प्लांट
मेडिकल कॉलेज के पुराने भवन प्रांगण में ऑक्सीजन के दो प्लांट लगे हैं। दोनों ही प्लांट वर्तमान में संचालित हैं। इसके अलावा तीसरा प्लांट लगाया जाना है। इससे मेडिकल में ऑक्सीजन की कमी नहीं रहेगी। तीसरे प्लांट के लिए फाउंडेशन बनकर तैयार हो गया है।