एटा। मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार की दोपहर करंट लगने से गंभीर हालत में पहुंचे बालक को लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन का कहना है कि सुबह खेत पर गया था। वहां पड़ोसी के खेत में लगे तारों में बिजली का करंट आ रहा था। इसकी चपेट में आ गया।
विज्ञापन
जिला फिरोजाबाद थाना एका क्षेत्र के गांव नगला स्वामी निवासी जोगराज के 12 वर्षीय पुत्र चंचल बाबू की मौत हुई है। पिता ने बताया कि खेत में मटर की फसल खड़ी है। फसल को पक्षी ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसकी वजह से बेटा रखवाली करने के लिए बृहस्पतिवार की सुबह गया था। वहां पड़ोस में ही दूसरे व्यक्ति के खेत में तारबंदी करके बिजली का करंट लगाया गया है। रात में करंट लगाया जाता था और दिन में हटा देता था।
इसका आभास बेटे काे नहीं था जिसके चलते वह चपेट में आ गया। खेत पर ही करंट लगने से गिर गया। एक घंटे बाद करीब 11 बजे मैं खेत पर गया तो बेटा जमीन पर अचेतावस्था में पड़ा मिला। तब एक निजी चिकित्सक को दिखाया। वहां से मना किया तो मेडिकल कॉलेज लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद मृत बता दिया। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम के ही घर ले गए।