एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक की व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 6 लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
वीर प्रताप उर्फ प्रताप कुमार (32) निवासी अंडोली थाना हसायन जिला हाथरस अपनी ननिहाल धिरामई आया हुआ था। जहां से मंगलवार की शाम को वह बाइक से अपनी ससुराल बारथर जा रहा था। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में कासगंज रोड पर पीएसी बटालियन के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लेकर लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
इसके साथ ही सकीट थाना क्षेत्र के गांव भगवंतपुर निवासी आदित्य कुमार व सुरजीत सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक गांव के पास ही इन दोनों की बाइकें आपस में टकरा गईं। घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां से उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बुधवार को मिरहची थाना क्षेत्र के गांव अचलपुर निवासी अखिलेश अपनी ममेरी बहन को बोर्ड परीक्षा का प्रवेशपत्र दिलाने जा रहा था। तभी रास्ते में तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। जिसमें अखिलेश व उसकी ममेरी बहन शालू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। वहीं एक और सड़क दुर्घटना में योगेंद्र निवासी दौलतपुर थाना भोगनीपुर कानपुर देहात व अजय कुमार निवासी घसौली थाना गुन्नौर जिला संभल घायल हो गए। इनको मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां से उपचार के बाद यह अपने घर चले गए।