एटा। डाक बुकिंग कराने के लिए अब डाकघर खुलने का इंतजार नहीं करना होगा। किसी भी वक्त डाक बुक कराने की सुविधा ग्राहकों को मिलेगी। यह सुविधा प्रधान डाकघर में शुरू की गई है। वहीं जलेसर और अलीगंज उपडाकघर में बुकिंग का समय बढ़ाया गया है।
ग्राहकों की सुविधा के मद्देनजर अस्थायी रूप से डाक बुकिंग काउंटर के समय में परिवर्तन किया गया है। प्रधान डाकघर में 7 गुणा 24 के आधार पर बुकिंग कार्य किया जाएगा। तीन शिफ्ट में ये काउंटर चलाया जाएगा। इसमें ग्राहक स्पीड पोस्ट, पार्सल, ज्ञान पोस्ट आदि की बुकिंग करा सकेंगे। अब तक यहां बुकिंग का समय सुबह 10:30 से शाम 4 बजे तक निर्धारित था।
अब तीन शिफ्ट में लगातार 24 घंटे बुकिंग चलेगी। पहली शिफ्ट रात के 12 बजे से शुरू होकर सुबह 8 बजे तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे और तीसरी शिफ्ट में शाम 4 से रात 12 बजे तक बुकिंग की जाएगी।
जलेसर और अलीगंज उपडाकघर में बुकिंग का समय पहले सुबह 9 से दोपहर बाद 3:30 बजे तक तय था। इसे बढ़ाकर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है। डाक अधीक्षक एसके शुक्ला ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे उन्हें सहूलियत मिलेगी और वह रात में भी बुकिंग करा सकेंगे।