शहर के यादव नगर में भाई को तिलक करती बहन। संवाद
एटा। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक पर्व भाई दूज जिलेभर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने चौक सजाकर पूजा-पाठ के बाद भाई के माथे पर तिलक किया, मिठाई खिलाई और लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर स्नेह जताया और सदा रक्षा का वचन दिया।
भाई दूज पर सुबह से ही बहनों का भाइयों के घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो बहनें किसी कारणवश मायके नहीं आ सकीं उनके भाइयों ने स्वयं ससुराल पहुंचकर तिलक कराया। विवाहित बहनों ने तिलक के बाद भाइयों से माता-पिता की सेवा व घर के बड़ों को सदा प्रसन्न रखने का संकल्प दिलवाया। भाई दूज पर सुबह से ही सड़कों पर चहल-पहल बनी रही। दोपहिया व चारपहिया वाहनों से बहनें भाइयों के घर पहुंचीं। बाजारों में मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं।
अलीगंज, जैथरा, सकीट, मिरहची, राजा का रामपुर, जलेसर, मारहरा, निधौली कलां और अवागढ़ में भी भाई दूज का पर्व उल्लास पूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उनकी लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर आशीर्वाद लिया। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ रही। अलीगंज के नगला पड़ाव और मातादीन चौराहे पर जाम की स्थिति को पुलिस ने नियंत्रित किया। भाई दूज के अवसर पर पूरे जिले में भाई-बहन के प्रेम की अनुपम झलक देखने को मिली। हर ओर स्नेह, आशीर्वाद और उत्सव का माहौल छाया रहा।
शहर के यादव नगर में भाई को तिलक करती बहन। संवाद
शहर के यादव नगर में भाई को तिलक करती बहन। संवाद