एटा। किशोरों के टीकाकरण के लिए 17 से 19 जनवरी तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 38 विद्यालयों ने सहयोग नहीं किया। डीएम के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर शिकंजा कसा है। इनमें से पांच ने जवाब दिया है कि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का टीकाकरण पूरा हो चुका है, इसलिए विद्यालय बंद रहे थे।
15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं का टीकाकरण कराने के लिए तीन दिवसीय अभियान के दौरान पहले दिन 17 जनवरी को 130 विद्यालय चिह्नित थे। इनमें से 38 विद्यालय खुले ही नहीं। इसको लेकर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वहीं 18 जनवरी को 80 और 19 जनवरी को 92 विद्यालयों में टीकाकरण होना तय था। पहले दिन ही डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए तो 18 व 19 जनवरी को सभी विद्यालय खोले गए।
उधर, डीएम के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने 38 विद्यालयों को कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए हैं। पांच विद्यालयों ने पूर्ण टीकाकरण होने का प्रमाण पत्र दाखिल कर कार्रवाई से बचने की कोशिश की है। जिला विद्यालय निरीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि नोटिस जारी होने के बाद शुक्रवार को पांच विद्यालयों की ओर से जवाब दाखिल किया गया है। इनका अध्ययन किया जा रहा है।