टीईटी को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान निर्देश देते डीएम।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को लेकर जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में जोनल व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि प्रत्येक केंद्र पर एक कोरोना कक्ष बनाया जाए। जहां लक्षण मिलने पर अभ्यर्थियों की परीक्षा अलग कराई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि 23 जनवरी को 33 परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, सकुशल, नकलविहीन संपन्न करानी है। सतर्कता के साथ अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाए। परीक्षार्थी इलेक्ट्रोनिक गजेट्स नहीं ले जा सकें, इस पर विशेष ध्यान देना है। केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक भी मोबाइल का प्रयोग नहीं करेंगे। कैमरायुक्त मोबाइल परीक्षा केंद्र में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक 19 परीक्षा केंद्रों पर प्राथमिक स्तर के 11859 और 14 केंद्रों पर उच्च प्राथमिक स्तर के 7072 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बैठक में एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा, सभी एसडीएम, एएसडीएम, प्राचार्य डायट जितेन्द्र सिंह, डीआईओएस मिथलेश कुमार, बीएसए संजय सिंह, डीएसओ राजीव कुमार मिश्र आदि अधिकारी मौजूद रहे।
आसपास बंद रहेंगी फोटोस्टेट की दुकानें
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बैठक में कहा कि प्रत्येक केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। जनपद में धारा 144 लागू है, परीक्षा केंद्र के आसपास 100 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की सभी दुकानें बंद रहेंगी। अगर कोई फोटो स्टेट की दुकान खुली पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।