मिरहची क्षेत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक की टीम पुस्तकालय का निरीक्षण करती हुई। स्रोत विभाग
एटा। जिला विद्यालय निरीक्षक की गठित टीम ने शनिवार को मिरहची और निधौली कलां क्षेत्र में पुस्तकालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान 6 पुस्तकालय बिना पंजीकरण के अवैध रूप से चलते मिले। इनके संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत ने जिले की तीनों तहसील में टीम गठित कर सभी पुस्तकालयों की जांच के आदेश दिए हैं। इस दौरान शनिवार को मिरहची और निधौली कलां क्षेत्र में कोचिंग प्रभारी क्षेत्रपाल सिंह और पटल प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने निधौली कलां क्षेत्र में संचालित पुस्तकालयों का निरीक्षण किया। एक भी पुस्तकालय पंजीकृत नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान श्रीराम, श्रीकृष्णा और द रॉयल लाइब्रेरी संचालित मिलीं। किसी भी संचालक के पास पंजीकरण नहीं था।
वहीं मिरहची क्षेत्र में कृष्णा लाइब्रेरी, श्रीजी और श्रीराम लाइब्रेरी पुस्तकालयों का निरीक्षण किया। इनके संचालकों के पास भी पंजीकरण नहीं था। सभी को नोटिस देते हुए 3 दिन में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पुस्तकालय का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। पंजीकरण नहीं कराने पर विभागीय कार्रवाई करते हुए पुस्तकालय को सील करने की चेतावनी दी गई।