एटा। डिपो में कार्यरत पिछले 3 माह से अनुपस्थित चल रहे 5 चालकों को नोटिस जारी किया गया है। लापरवाही बरतने वाले इन कर्मियों के जबाव संतोष पूर्ण न होने पर सेवा समाप्त की जा सकती है।
डिपो में तैनात चालक-परिचालकों की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। जिसकी वजह से बस संचालन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है और यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में इसी लापरवाही की वजह से कई बसें वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं। इसके निदान के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश चंद्र गुप्ता ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे चालक-परिचालकों की सूची बनाई जा रही है। उसी के आधार पर नोटिस दिया जा रहा है।
मंगलवार को 5 चालक ऐसे पाए गए जो पिछले 3 माह से ड्यूटी पर ही नहीं आ रहे हैं। बिना सूचना के अनुपस्थित रहने वाले इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अगर जवाब संतोषपूर्ण नहीं होता है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा भी समाप्त की जा सकती है। बताया कि निगम की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी चालक-परिचालक को बख्शा नहीं जाएगा।