एटा। परिषदीय स्कूलों में मंगलवार से 14 दिनों का अवकाश हो गया। अब स्कूल 15 जनवरी को खुलेंगे। इसके बाद फिर से पढ़ाई शुरू होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों का भी इस अवधि में अवकाश रहेगा।
इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऐसी सर्दी में बच्चे अब तक स्कूलों में जा रहे थे, लेकिन अब उन्हें ठिठुरते हुए 14 जनवरी तक स्कूल नहीं जाना पड़ेगा। क्योंकि कक्षा 1 से 8 तक के समस्त बोर्ड के स्कूल सर्दी के चलते बंद कर दिए गए हैं। जिले में 1691 परिषदीय स्कूल संचालित है। इसके अलावा 8 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन सबमें 1.25 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि शासन का आदेश है कि 14 जनवरी 2025 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। इस दौरान जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के साथ ही सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा एक से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं का अवकाश रहेगा। शीतकालीन अवकाश के बाद सभी स्कूल 15 जनवरी को निर्धारित समय पर खुलेंगे।
डीपीओ संजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में ही आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन होता है। यहां कक्षा 3 से 6 वर्ष तक के बच्चे केंद्र पर आते हैं। शीतकालीन अवकाश के कारण यह केंद्र भी 14 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए है।