एटा। जिले की 14 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जहां ऑडिट के दौरान वित्तीय वर्ष 2013-14 में ग्राम प्रधान व सचिव की मिली भगत से 22 लाख रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया गया है। डीएम ने तत्कालीन ग्राम प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर बीडीओ से तीन दिन के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी हैं।
जिले की 14 ग्राम पंचायतों में तत्कालीन ग्राम प्रधान व सचिव की मिली भगत से वित्तीय वर्ष 2013-14 में कराए गए विकास कार्यों में 22 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि गबन कर दी गई। ग्राम प्रधानों ने मरम्मत व अनुदान लाभ की धनराशि खाते से निकाल कर हेर-फेर कर दिया। इस संबंध में जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने समस्त ग्राम पंचायतों के तत्कालीन सचिव व प्रधान को नोटिस जारी करते हुए खंड विकास अधिकारी से तीन दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि 14 ग्राम पंचायतों में तत्कालीन प्रधान व सचिव द्वारा 22 लाख रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया है जिसके लिए डीएम ने नोटिस जारी किया है।
इन ग्राम पंचायतों ने की धनराशि गबन
सीय, लालपुर कल्याण, बुरहनाबाद, हिम्मत नगर, हिम्मत नगर बझेरा, सूरतपुर माफी, सलेमपुर सानी, निधौली खुर्द, कंगरौल, जैतपुरदासपुर, वाहिदवीवीपुर, मितौलिया, कलुआटीलपुर, डाडा।