यूपी के एटा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ। मामा के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली पर जा रहा मासूम हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर-ट्राॅली का पहिया ऊपर से गुजरने पर मासूम की माैत हो गई। इकलाैटे बेटे की माैत से परिवार में कोहराम मच गया।
एटा के थाना मलावन क्षेत्र के कस्बे में रविवार देर शाम ट्रैक्टर से गिरकर ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से नाै वर्षीय बालक की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में चीखपुकार मच गई।
विज्ञापन
कस्बा निवासी श्रीकृष्ण ने बताया कि रविवार को उनके खेत में गेहूं काटे गए थे। शाम को गेहूं को घर तक पहुंचाने के लिए साला कमलेश ट्रैक्टर लेकर गया था। कमलेश के साथ बेटा गणेश (9) भी ट्रैक्टर पर बैठकर चला गया। इसी दौरान घर के पास ही ट्रैक्टर पर बैठा गणेश फिसलकर गिर गया। ट्रैक्टर तेज होने की वजह से ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। परिजन सहित आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए। घायल मासूम को निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। इस मामले में थाना प्रभारी मलावन राकेश कुमार सिंह ने बताया घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित सूचना या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
पांच बहनों में अकेला था गणेश
बच्चे के पिता श्रीकृष्ण ने बताया कि गणेश उसका इकलौता पुत्र था। उनकी पांच बेटियां हैं। गणेश सबसे छोटा था। बच्चे की मौत से उसकी मां और अन्य परिजन की रो-रोकर हालत खराब है। बेटे के गम में मां बेहोश हो गई।