परिषदीय विद्यालय में एनसीईआरटी की नई किताब किसलय। संवाद
एटा। जिले में संचालित परिषदीय विद्यालय में इस सत्र में नई किताबें शामिल की गई हैं। कक्षा 1 से 4 तक पांच नई एनसीईआरटी की किताबें शामिल की गई हैं। वहीं दूसरी ओर विद्यालयों पर किताबें पहुंचाने का कार्य अभी भी जारी है।
जिले में कुल 16691 परिषदीय विद्यालय हैं जहां पर नए शैक्षिक सत्र की किताबें पहुंचाई जा रही हैं। इस नए शैक्षिक सत्र में कक्षा 1 से 4 तक में एनसीईआरटी की किताबें संचालित की जा रही हैं। वहीं कक्षा 5 से 8 तक में एससीईआरटी की किताबें संचालित की जा रही हैं। पिछले सत्र में कक्षा 1 से 3 तक में ही एनसीईआरटी की किताबें संचालित की जा रही थीं। वहीं इस सत्र में कक्षा एक से दो में किसलय कला की नई किताब संचालित की गई है। वहीं कक्षा 3 व 4 में बांसुरी, कक्षा 4 में अंग्रेजी की संतूर, गणित मेला और वीणा पुस्तक को संचालित किया गया है।
जिला समन्वयक आशीष गंगवार ने बताया कि जिले में कुल 13 लाख पुस्तकें पहुंची हैं। इसमें 11 लाख पुस्तकें सभी विद्यालयों में पहुंच चुकी हैं जहां वितरण किया जा रहा है। वहीं 2 लाख किताबें रह गई हैं जिन्हें आवश्यकतानुसार विद्यालयों में भेजा जा रहा है।