ठंडी सड़क स्थित दुर्गा मंदिर में पूजन करते श्रदालु ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। शारदीय नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को मां शैलपुत्री का पूजन मंदिरों और घरों में किया गया। सुबह से ही ठंडी सड़क स्थित पथवारी माता मंदिर, काली मंदिर, जीटी रोड स्थित जनता दुर्गा मंदिर, होली मोहल्ला में मां शीतला देवी सहित अन्य देवी मंदिरों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई।
नवरात्र के पहले दिन सुबह के समय श्रद्धालुओं ने घरों पर घट पूजन कर स्थापना की। मैया की पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ किया गया। इसके बाद श्रद्धालु मंदिरों में भी पहुंचे। जहां माता रानी के जयकरों के साथ भक्तों ने पुष्प और माला अर्पित कर जलाभिषेक किया। भक्तों ने माता रानी की ज्योति जलाकर पूजा-अर्चना की। दोपहर बाद पूजा-अर्चना का सिलसिला कुछ समय के लिए थमा। शाम होते ही फिर उत्साह दिखने लगा। भजन-कीर्तन कर मां को प्रसन्न करने में श्रद्धालु जुट गए। लोगों ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने की खरीदारी
ठंडी सड़क स्थित पथवारी मंदिर के पास सड़क किनारे कई लोगों ने पूजा पाठ से संबंधित सामग्री की दुकानें सजा रखीं हैं। कई महिलाओं ने यहां से माता रानी की चुनरी, घंटी, शृंगार आदि की खरीदारी की। इसके अलावा साथ में आने वाले बच्चों के लिए इन दुकानों पर खेल-खिलौने भी रखे गए थे। जिनकी जमकर बिक्री हुई।
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए मंदिर
शहर के माता पथवारी मंदिर, मां काली मंदिर, शीतला देवी मंदिर, जनता दुर्गा मंदिर की छटा रात के समय देखते ही बन रही थी। विद्युत झालरों की रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर जगमगा रहे थे। वहीं दूधिया लाइटें मैया के दरबारों की शोभा बढ़ा रही थीं।