मतदाता सूची से नाम कटने पर जलेसर के गांव सालवाहनपुर में विरोध जताते ग्रामीण ।संवाद
- फोटो : ETAH
जलेसर। ब्लॉक प्रमुख जलेसर और इनके परिजन के नाम मतदाता सूची से गायब हो गए। जिसके चलते यह लोग मतदान नहीं कर सके। इसी विधानसभा क्षेत्र के गांव सालवाहनपुर में करीब 200 लोग सूची में न होने से मतदान से वंचित रह गए। ये लोग इधर-उधर शिकायतें करते रहे, लेकिन वोट डालने का मौका नहीं मिल सका।
विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा जलेसर के मोहल्ला माधवनगर निवासी ब्लॉक प्रमुख भूदेवी, इनके पति अशोक यादव, पुत्र धर्मेंद्र, जितेंद्र और सतेंद्र के नाम सूची में नहीं थे। सुबह जब ब्लॉक प्रमुख अपना वोट डालने बूथ पर पहुंची तो सूची में नाम नहीं मिला। इसके बाद अन्य परिजन के वोट देखे गए तो उनके नाम भी नहीं मिले। जिसके चलते पूरा परिवार बिना मतदान किए घर लौट आया। मतदान न कर सकने की टीस दिल में रही।
वहीं विधानसभा क्षेत्र के गांव सालवाहनपुर के बूथ संख्या 148 और 149 के करीब 200 लोगों के वोट काटने का आरोप लगाया गया। इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने से लोगों में आक्रोश भी रहा। गांव के सुनील कुमार, अनिल, सुखवीर सिंह और प्रमोद कुमार ने बताया कि विपक्षियों ने गांव के करीब 200 लोगों के वोट कटवा दिए हैं। जब वोट करने बूथ पर पहुुंचे तो नाम नहीं मिले।