एटा। नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 23 में गंदगी व अनियमितताएं मिलने पर सफाई नायक को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि इससे पूर्व इसी सप्ताह वार्ड 24 के सफाई नायक को निलंबन की चेतावनी देकर कार्य में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ. दीप वार्ष्णेय ने जिलाधिकारी डॉ. विभा चहल के निर्देश पर वार्ड संख्या 23 में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शनिवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभासद नीरज कुमार मौजूद रहे। वार्ड में जगह-जगह गंदगी को नाराजगी जताई। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड में सफाई नायक करतार सिंह समय से सफाई नहीं करते हैं। इस पर अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायक करतार सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया है। वहीं ईओ ने सभी सफाई नायकों को निर्देश दिए हैं कि सफाई के मामले में अगर कोई लापरवाही बरतेगा उसे तत्काल निलंबित किया जाएगा।
वार्ड 24 के सफाई नायक को भी दी चेतावनी
नगर पालिका के ईओ डॉ. दीप वार्ष्णेय ने इसी सप्ताह वार्ड 24 के सफाई नायक राजू वकील को कार्य में लापरवाही बरतने के लिए निलंबन की चेतावनी दी। वहीं शनिवार को वार्ड 14 के सफाई नायक मनोज कुमार पर चेतावनी जारी की है, अगर कार्य में सुधार नहीं किया गया तो सेवाएं समाप्त की कार्रवाई की जाएगी।
पालिका अध्यक्ष ने सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा गांधी ने शनिवार को नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या आठ व 25 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने दिनेश नगर, विकास नगर, इस्लाम नगर, नगला पोता में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई नायक प्रतीक यादव व पूरन सिंह को सफाई व्यवस्था बेहतर कराने के निर्देश दिए गए।