अलीगंज। स्थानीय तहसील प्रशासन अवैध कब्जेदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। ग्राम नकटई खुर्द में दूसरे दिन मंगलवार को लगभग एक करोड़ की 68 बीघा सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया है। भूमि पर खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलवाकर पूरी तरह से नष्ट करा दिया।डीएम अंकित अग्रवाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार राकेश कुमार ने पुलिस एवं राजस्व टीम के साथ ग्राम नकटई खुर्द में पैमाइश की। इस दौरान 68 बीघा भूमि जंगल ढाका की पाई गई। जिस पर गांव के मनोज, विजेंद्र सिंह, राजपाल, रुकुम पाल, विक्रम सिंह, चंद्रपाल, धनीराम, आशाराम, श्रीपाल, अरविंद, रामपाल, राजकपूर, ब्रजपाल काफी वर्षों से कब्जा किए हुए थे। इसमें खेती की जा रही थी।
एसडीएम ने बताया कि ग्राम नकटई खुर्द में अब तक दो करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की 140 बीघा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा चुका है। गांव में जंगल की भूमि की पैमाइश कराई जा रही है। जैसे-जैसे पैमाइश होती जा रही है, जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। इन सभी कब्जेधारकों के खिलाफ उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के तहत कार्रवाई की जाएगी।