मारहरा/एटा। कस्बा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में मंगलवार रात शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखा करीब तीन लाख रुपये का सामान जल गया। गनीमत रही कि उस समय बैंक लेनदेन से संबंधित कैश नहीं रखा था, इससे बड़ा नुकसान बच गया। कस्बा स्थित पिदौरा अड्डे पर भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित है। गांव खकरई निवासी कमल सिंह इसका संचालन एक दुकान में करते हैं। मंगलवार शाम के समय वह दुकान को बंद कर घर चले गए। रात करीब 8:30 बजे अंदर बिजली के तारों में शॉर्ट-सर्किट से आग लगी, इसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों, पड़ोसियों ने सूचना कमल सिंह को मोबाइल फोन पर कॉल कर दी।
पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस पहुंची तब तक दुकान का सामान जल चुका था। लोगों ने पुलिस की मदद से पानी का इंतजाम कर करीब घंटे भर में आग पर काबू किया। कमल सिंह ने बताया कि दुकान में लैपटॉप, कंप्यूटर, पासबुक प्रिंटर, कैश काउंटिंग मशीन, काउंटर, एटीएम स्वैप मशीन, दो कलर प्रिंटर, फर्नीचर सहित तमाम महत्वपूर्ण कागजात जलकर खाक हो गए। बताया कि मंगलवार को दुकान में बैंक से संबंधित कैश नहीं रखा था अन्यथा न जाने कितना नुकसान होता। थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। जिस पर तुरंत ही पुलिस फोर्स को मौके पर भेजा गया। इसने लोगों की मदद से आग बुझाई। दुकान स्वामी ने अग्निकांड को लेकर किसी तरह की कानूनी कार्रवाई के लिए सूचना नहीं दी है।